हल्द्वानी में शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने और गर्भवती होने के बाद शादी से मुकरने का मामला सामने आया।
हल्द्वानी में प्रेम संबंध, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और फिर मुकरने का एक गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से अल्मोड़ा जिले का रहने वाला एक युवक अपने परिवार के साथ हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में निवास करता है। वही युवक पेशे से एक बस में कंडक्टर के रूप में कार्य करता है। जहां पड़ोस में ही रहने वाली 20 साल के युवती के साथ उसका पिछले लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था।
आरोप है कि इस दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।वही शारीरिक संबंधों के कारण जब युवती दो माह की गर्भवती हो गई, तो उसने प्रेमी पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया। इस पर युवक अपने वादे से पूरी तरह मुकर गया। अपनी गलती छुपाने के लिए उसने युवती पर अन्य युवकों के साथ संबंध होने के मनगढंत और बेबुनियाद आरोप लगाने शुरू कर दिए। शादी से साफ इनकार करते हुए युवक ने पीड़िता से दूरी बना ली, जिसके बाद पीड़िता मानसिक और भावनात्मक रूप से टूट गई।
बता दे, पीड़िता ने न्याय की गुहार लगते हुए हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया, और पुलिस ने आरोपी प्रेमी को तुरंत हिरासत में ले लिया।इसके बाद कानूनी कार्रवाई के डर से आरोपी तुरंत युवती से शादी करने के लिए राजी हो गया। इसी बीच घटना की खबर मिलते ही आरोपी युवक के परिजन भी कोतवाली परिसर पहुँच गए।
वही युवती के दलित होने के कारण प्रेमी के परिजनों ने इस अंतरजातीय विवाह का कड़ा विरोध शुरू कर दिया। परिजनों ने कोतवाली परिसर के भीतर ही जमकर हंगामा किया और शादी से साफ इनकार कर दिया। फ़िलहाल , पुलिस का कहना है की यदि दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाह के लिए तैयार होते हैं, तो पुलिस को इसमें कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, यदि पीड़िता की ओर से कोई लिखित शिकायत दी जाती है, तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।