हल्द्वानी में खुले में मीट बिक्री पर सख्ती, नगर निगम ने दिया 3 दिन का अल्टीमेटम। नियम तोड़ने पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई होगी, स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन एक्शन में।
हल्द्वानी में नगर निगम ने खुले में मीट बेचने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। आपको बता दे की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। वही नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि शहर में खुले में मीट बिक्री किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को भी सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही प्रशासन की ओर से सभी मीट विक्रेताओं को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है, जिसके भीतर उन्हें स्वीकृत स्थान पर जाकर तय मानकों के अनुसार ही मीट की बिक्री करनी होगी। वही अगर निर्धारित समय के बाद भी नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित विक्रेताओं पर जुर्माने के साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में नगर निगम का कहना है कि यह कदम शहर में स्वच्छता बनाए रखने और आम जनता के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। फिलहाल, इस कार्रवाई के बाद मीट विक्रेताओं में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।