हल्द्वानी में पंजाबी जनकल्याण समिति की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण। 26 पदाधिकारियों ने जिम्मेदारी संभाली, जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं और सामाजिक कार्यों की सराहना की।
हल्द्वानी से एक सकारात्मक सामाजिक खबर सामने आई है, जहां पंजाबी जनकल्याण समिति की नई कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। दरअसल, बरेली रोड स्थित होटल जैस्मिन ग्रैंड में हुए इस कार्यक्रम में साल 2026 से 2028 तक के लिए चुनी गई नई टीम ने जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान अध्यक्ष, महामंत्री सहित कुल 26 पदाधिकारियों ने संगठन और समाज की सेवा का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की।
वहीं, कार्यक्रम में नगर निगम मेयर गजराज सिंह बिष्ट, विधायक सुमित हृदयेश, दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। जहां सभी अतिथियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं, वहीं समिति के सामाजिक कार्यों की भी सराहना की।
इसी कड़ी में नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरिमोहन अरोड़ा ने सभी का आभार व्यक्त किया और नगर निगम दुकानों के बढ़े किराए का मुद्दा भी उठाया, जिस पर मेयर ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही कार्यक्रम में समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों जैसे रक्तदान शिविर, मेडिकल कैंप और सांस्कृतिक आयोजनों को भी सराहा गया।