हल्द्वानी के नमन मेहरा ने साउथ एशिया जू-जित्सु चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। सम्मान समारोह में उनके प्रदर्शन की सराहना, युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
हल्द्वानी के युवा खिलाड़ी नमन मेहरा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। साउथ एशिया जू-जित्सु चैंपियनशिप में नमन ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
यह प्रतियोगिता 11 और 12 अप्रैल को डिगाना में आयोजित हुई थी, जिसमें विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। नमन के इस शानदार प्रदर्शन से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
उनकी इस उपलब्धि पर पहाड़ी आर्मी संगठन द्वारा हल्द्वानी में उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने नमन की मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
बता दें कि नमन मेहरा पूर्व सैनिक खुशाल सिंह मेहरा के पुत्र हैं। उनकी इस सफलता से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है।
इस सम्मान समारोह के माध्यम से जहां नमन का हौसला बढ़ाया गया, वहीं युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने का संदेश दिया गया।