हल्द्वानी में लावारिस कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। वार्ड संख्या-48 मल्ली बमौरी और वार्ड संख्या-5 पॉलीशीट क्षेत्र में लावारिस कुत्तों ने अब तक 15 लोगों को घायल कर दिया है।
हल्द्वानी में लावारिस कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। वार्ड संख्या-48 मल्ली बमौरी और वार्ड संख्या-5 पॉलीशीट क्षेत्र में लावारिस कुत्तों ने अब तक 15 लोगों को घायल कर दिया है। इनमें स्थानीय पार्षद के चचेरे भाई समेत कई वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। सभी घायलों को बेस अस्पताल (Base hospital) और निजी अस्पतालों में एंटी-रैबीज इंजेक्शन (Anti-rabies injection) लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार वार्ड-48 मल्ली बमौरी में मंगलवार को एक खूंखार कुत्ते ने नौ लोगों को अपना शिकार बनाया। बुधवार को भी ये सिलसिला जारी रहा और पांच अन्य लोग कुत्ते के हमले में घायल हो गए। घायलों में स्थानीय पार्षद के भाई विनीत बल्यूटिया, पूरन सिंह भोज, गीता पंत, अर्जुन यादव और गीता शामिल हैं। बता दें कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल विनीत बल्यूटिया को मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुत्ते ने उनकी नाक को बुरी तरह नोंच लिया, जिसके चलते उनकी सर्जरी करनी पड़ी। वहीं, वार्ड-5 पॉलीशीट क्षेत्र में राजीव पंत भी कुत्ते के हमले का शिकार बने। बेस अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को कुल 58 लोगों को रैबीज के इंजेक्शन लगाए गए। उधर, लावारिस कुत्तों के हमलों की सूचना मिलने पर नगर निगम (Municipal council) की टीम बुधवार सुबह और शाम दोनों समय प्रभावित वार्डों में पहुंची लेकिन कुत्ते नहीं मिलने के कारण टीम को बैरंग लौटना पड़ा। शहर में लगातार बढ़ रहे लावारिस कुत्तों के हमलों से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है और आम लोगों ने नगर निगम से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है।