हल्द्वानी में मेडिकल स्टोर संचालक 1.85 लाख रुपये निकालने के बाद लापता हो गया। पुलिस CCTV और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर जांच कर रही है।
हल्द्वानी से एक रहस्यमय और चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है…जहां एक मेडिकल कारोबारी 1 लाख 85 हजार रुपये निकालने के बाद अचानक लापता हो गया…
जानकारी के अनुसार मुखानी थाना क्षेत्र में चौफुला चौराहे के पास रहने वाले मेडिकल स्टोर संचालक शिवशंकर गोस्वामी शनिवार सुबह घर से बरेली जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान एक बेहद अहम जानकारी सामने आई है की लापता होने से पहले शिवशंकर गोस्वामी ने अपने अलग-अलग बैंक खातों और एटीएम से करीब 1 लाख 85 हजार रुपये निकाले थे। अब यही बात इस पूरे मामले को और ज्यादा रहस्यमय बना रही है…
परिजनों को सूचना मिली थी कि उन्हें टांडा जंगल के आसपास देखा गया है, जिसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में खोज बीन की लेकिन वहां भी कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच बाघ द्वारा उठाए जाने की अफवाह भी फैली, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शिवशंकर गोस्वामी बरेली जाने वाली बस में सवार हुए थे। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और बैंक लेन-देन के आधार पर जांच कर रही है और एक टीम बरेली भी भेजी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।