हल्द्वानी के बनभूलपुरा में शिव पुराण कथा के दौरान बड़ा हादसा हुआ। कूलर में करंट आने से पुजारी भुवन चंद्र पंत की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक की लहर है।
हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक धार्मिक आयोजन पलभर में मातम में बदल गया। जानकारी के अनुसार, श्रीपुरम कॉलोनी, तल्ली हल्द्वानी निवासी 35 साल के भुवन चंद्र पंत गोजाजाली क्षेत्र में आयोजित शिव पुराण कथा में पूजा कराने गए थे।
कथा के दौरान वहां रखे एक कूलर में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से भुवन चंद्र पंत गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही बेहोश हो गए। आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तो वही घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह हादसा बिजली के करंट की वजह से हुआ माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि भुवन चंद्र पंत अपने परिवार के इकलौते बेटे थे और पिता के निधन के बाद अपनी मां और बहन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी असमय मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।