हल्द्वानी के जवाहर नगर में दर्दनाक हादसा, करंट लगने से एक साल के मासूम की मौत। फ्रिज में अर्थिंग की दिक्कत की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।
हल्द्वानी के जवाहर नगर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर में खेल रहे एक साल के मासूम हस्सान की करंट लगने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बच्चा घर में बॉल से खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते उसकी बॉल फ्रिज के नीचे चली गई। जैसे ही मासूम बॉल निकालने के लिए फ्रिज के नीचे हाथ डालने लगा, उसे तेज करंट का झटका लगा। अचानक बच्चे की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। शुरुआती जांच में फ्रिज में अर्थिंग की दिक्कत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।