हल्द्वानी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कालाढूंगी रोड पर एक शराबी चालक की बेकाबू कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला गंभीर घायल हुई, जबकि गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़ लिया।
हल्द्वानी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक शराबी चालक ने शहर की सड़कों पर जमकर तांडव मचा दिया। मामला कालाढूंगी रोड का है, जहां रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि जेल रोड चौराहे के पास यूनियन बैंक के सामने से अनियंत्रित हुई कार रिलैक्सो शोरूम तक कई दोपहिया वाहनों और राहगीरों को टक्कर मारती चली गई। इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कई अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं।
तो वही प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोगों को पहले ट्रांसफॉर्मर फटने का भ्रम हुआ। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने चालक पंकज जोशी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि चालक नशे में पूरी तरह धुत था और उसे अपने किए का जरा भी होश नहीं था। सूचना के बावजूद पुलिस करीब 45 मिनट देरी से पहुंची, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर कार को कब्जे में लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।