SIR के नाम पर घर आए कोई अनजान व्यक्ति तो सावधान! SSP ने जारी किया अलर्ट

नैनीताल। मतदाता सत्यापन के नाम पर घर-घर पहुंच रहे संदिग्ध लोगों को लेकर नैनीताल पुलिस ने आमजन को सतर्क रहने की अपील की है.....

 SIR के नाम पर घर आए कोई अनजान व्यक्ति तो सावधान! SSP ने जारी किया अलर्ट
JJN News Adverties

नैनीताल। मतदाता सत्यापन के नाम पर घर-घर पहुंच रहे संदिग्ध लोगों को लेकर नैनीताल पुलिस ने आमजन को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के संज्ञान में आया है कि जहां अधिकृत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन से संबंधित नोटिस और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं, वहीं कुछ संदिग्ध लोग भी खुद को SIR अभियान से जुड़ा बताकर लोगों के घरों तक पहुंच रहे हैं।

एसएसपी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR सत्यापन प्रक्रिया के तहत केवल अधिकृत BLO और संबंधित अधिकारी ही घर-घर जाकर आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।

पुलिस ने लोगों से कहा है कि यदि कोई अनजान व्यक्ति SIR सत्यापन के नाम पर घर पहुंचता है और अपनी पहचान स्पष्ट किए बिना घर में प्रवेश करने या निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास करता है, तो उसकी पहचान और अधिकृत होने की पुष्टि जरूर करें।

आधार कार्ड और वोटर आईडी की जानकारी साझा न करें

पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि बिना पुष्टि के किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जानकारी साझा न करें। किसी भी दस्तावेज की कॉपी या व्यक्तिगत जानकारी देने से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान और उसके अधिकृत होने की जांच करना जरूरी है।

संदिग्ध गतिविधि दिखे तो 112 पर करें सूचना

पुलिस के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध नजर आती हैं या वह सत्यापन के नाम पर दबाव बनाता है, तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। इसके अलावा डायल 112 पर भी शिकायत की जा सकती है।

पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता से संभावित धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को समय रहते रोका जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को अपनी निजी या दस्तावेज संबंधी जानकारी देने से पहले पूरी तरह सत्यापन जरूर करें।

JJN News Adverties