हल्द्वानी। शहर की गफूर बस्ती में बिना वैध पंजीकरण संचालित किए जा रहे एक बालगृह पर बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है....
हल्द्वानी। शहर की गफूर बस्ती में बिना वैध पंजीकरण संचालित किए जा रहे एक बालगृह पर बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयोग की टीम ने बुधवार को ‘सुचेतना’ नाम से संचालित एनजीओ का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बालगृह में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने संस्थान को सील कर दिया।
आयोग के सदस्य योगेश रजवार के नेतृत्व में पहुंची टीम को बालगृह में कुल 11 बच्चे मिले। इनमें 5 बालिकाएं और 6 बालक शामिल थे। निरीक्षण के दौरान टीम ने संस्थान से संबंधित दस्तावेजों और पंजीकरण की जानकारी मांगी, लेकिन संचालक की ओर से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बालगृह कथित तौर पर बिना वैध पंजीकरण के संचालित किया जा रहा था। साथ ही, संस्थान में किशोर न्याय अधिनियम के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बालगृह को सील कर दिया।
कार्रवाई के बाद बालगृह में मिले सभी 11 बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्पलाइन को दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल को भी सौंपी गई है। जांच के दौरान बालगृह के संचालन, बच्चों की मौजूदगी, संस्थान के कथित नेटवर्क और फंडिंग से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।