हल्द्वानी: पूर्वोत्तर रेलवे ने उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। रेलवे प्रशासन ने काठगोदाम-देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस के संचालन दिनों में संशोधन किया है....
हल्द्वानी: पूर्वोत्तर रेलवे ने उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। रेलवे प्रशासन ने काठगोदाम-देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस के संचालन दिनों में संशोधन किया है। साथ ही रामनगर और देहरादून के बीच नई द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के नियमित संचालन की तारीख और समय सारिणी भी जारी कर दी गई है।तो वही पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12092/12091 अब 3 अगस्त 2026 से नए शेड्यूल के तहत चलेगी। यह ट्रेन अब सप्ताह में सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार यानी कुल पांच दिन संचालित होगी। बता दे रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह ट्रेन बुधवार और शुक्रवार को नहीं चलेगी। हालांकि ट्रेन के समय, मार्ग और कोच संरचना में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
तो वहीं, यात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि रामनगर-देहरादून-रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15310/15309 का नियमित संचालन 5 अगस्त 2026 से शुरू होगा। यह ट्रेन हर बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होगी और काशीपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद ओर हरिद्वार होते हुए दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी।वापसी में यही ट्रेन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से रवाना होकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 16 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी द्वितीय, एसी तृतीय, एसी चेयरकार, शयनयान, सामान्य चेयरकार और सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे।तो वही रेलवे का मानना है कि इस नई सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और बड़ी सुविधा मिलेगी।