लालकुआं के टांडा जंगल में टस्कर हाथी का आतंक, 72 घंटे में तीसरी मौत से दहशत। लकड़ी बीनने गई महिला को हाथी ने मार डाला, लगातार हमलों से क्षेत्र में भय, वन विभाग अलर्ट।
उत्तराखंड के लालकुआं क्षेत्र से एक बेहद भयावह घटना सामने आई है, जहां टांडा जंगल में एक टस्कर हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 72 घंटे के भीतर तीसरी मौत के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, शाह पठानी गांव के पास जंगल में लकड़ी बीनने गई तीन महिलाओं पर अचानक एक दांत वाले हाथी ने हमला कर दिया। हमले के दौरान सभी महिलाएं जान बचाने के लिए भागने लगीं, लेकिन 60 वर्षीय मैना देवी को हाथी ने पीछा कर पकड़ लिया और सूंड से पटककर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद साथ गई महिलाएं किसी तरह गांव पहुंचीं और लोगों को सूचना दी। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक हाथी जंगल की ओर लौट चुका था। मृतका पंतनगर की झा कॉलोनी की निवासी थीं और उनके परिवार में तीन बच्चे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी हाथी ने दो अन्य लोगों की जान ले ली थी।
लगातार हो रहे हमलों से स्थानीय लोग दहशत में हैं। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक यह खतरा बना रहेगा और वन विभाग इसे काबू करने में कब तक सफल होगा।