हल्द्वानी के हल्दू क्षेत्र में तेंदुए ने 62 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला किया। महिला की बहादुरी से जान बची। वन विभाग ने गश्त बढ़ाई, लोगों को सतर्क रहने की सलाह।
हल्द्वानी के हल्दू क्षेत्र में सोमवार शाम एक तेंदुए ने 62 साल के बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल बुजुर्ग गणेश सनवाल अपने घर के बाहर टहल रहे थे, तभी अचानक तेंदुआ झाड़ियों से निकलकर उन पर टूट पड़ा।
वही हमले के दौरान उनकी चीख-पुकार सुनकर पास मौजूद एक महिला ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए पर पत्थर फेंका… जिसके बाद तेंदुआ मौके से जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उनके हाथ, पैर और गर्दन पर तेंदुए के हमले के निशान हैं… फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वहीं सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और रात के समय घर से बाहर निकलने से बचें।
बता दें, इससे पहले भी इलाके में तेंदुए की मौजूदगी देखी जा चुकी है… ऐसे में ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।