हल्द्वानी में पानी की चोरी रोकने के लिए प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। कई इलाकों में जांच के दौरान पेयजल लाइनों से अवैध इस्तेमाल पकड़ा गया और 8 टुल्लू पंप जब्त किए। प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी.
हल्द्वानी में बढ़ती गर्मी और संभावित पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर शहर में पेयजल संरक्षण और अवैध जल दोहन रोकने के लिए बड़ा निरीक्षण अभियान चलाया गया।
नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी के नेतृत्व में सहायक और अवर अभियंताओं की संयुक्त टीमों ने बरेली रोड, तीनपानी, ट्रांसपोर्ट नगर, शनि बाजार, पनचक्की रोड, काठगोदाम, लालडांट और कालाढूंगी रोड समेत कई इलाकों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान 25 से अधिक निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान कई जगहों पर पेयजल लाइनों से अवैध रूप से पानी का इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें सही पाई गईं। कार्रवाई करते हुए प्रशासनिक टीम ने 8 टुल्लू पंप जब्त कर लिए। अधिकारियों ने संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियां दोबारा पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं नगर मजिस्ट्रेट ने साफ कहा कि आम लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और पानी की बर्बादी या अवैध दोहन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।