हल्द्वानी की गौला नदी में खनन सत्र को बढ़ाकर अब 19 जून 2026 तक कर दिया गया है। शासन के अनुसार तय लक्ष्य पूरा करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
हल्द्वानी से बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार के लिए सबसे ज्यादा राजस्व देने वाली गौला नदी में खनन सत्र को एक बार फिर आगे बढ़ा दिया गया है। शासन के नए आदेश के अनुसार अब गौला नदी में खनन कार्य 19 जून 2026 तक जारी रहेगा।
जानकारी के मुताबिक साल 2025-26 के लिए गौला नदी में कुल 51 लाख 15 हजार घनमीटर से अधिक खनन का लक्ष्य तय किया गया था। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक करीब 48 लाख 51 हजार घनमीटर उपखनिज की निकासी हो चुकी है, लेकिन अभी भी लगभग 2 लाख 64 हजार घनमीटर लक्ष्य बाकी है। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए खनन सत्र बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
इस बार खास बात यह भी है कि हक-हकूक के तहत आसपास के ग्रामीणों को भी परमिट जारी किए गए हैं। ग्रामीणों द्वारा निकाला गया उपखनिज भी कुल खनन लक्ष्य में शामिल किया जाएगा। तो वही वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार विभाग लगातार काम कर रहा है और कोशिश की जा रही है कि तय समय सीमा के भीतर बाकी लक्ष्य भी पूरा कर लिया जाए। गौरतलब है कि गौला नदी प्रदेश सरकार के लिए राजस्व का एक बड़ा स्रोत मानी जाती है और हर साल यहां से करोड़ों रुपये की आय होती है।