हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज परिसर में देर रात तीन नकाबपोश चोरों ने डॉक्टरों के बंद फ्लैट में लाखों रुपये के जेवर, नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया।
हल्द्वानी के मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार देर रात हुई चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, रात करीब दो बजे तीन नकाबपोश चोर मेडिकल कॉलेज कैंपस में दाखिल हुए और डॉक्टरों के बंद फ्लैटों को निशाना बनाया।बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले बंद पड़े फ्लैटों की रेकी की। इसके बाद सामने वाले फ्लैट का कुंडा बाहर से बंद कर दिया, ताकि अंदर मौजूद लोग बाहर न निकल सकें। फिर दूसरे फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, चोर डॉक्टर की पत्नी के पर्स में ही चोरी का सामान भरकर अपने साथ ले गए।
वही पूरी वारदात मेडिकल कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।इस घटना ने मेडिकल कॉलेज जैसे गेटेड और संवेदनशील परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस चौकी होने के बावजूद चोरों का बेखौफ अंदर घुसना और आसानी से फरार हो जाना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।