हल्द्वानी के बरेली रोड के पास नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस मृतक की पहचान और यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई साजिश है।
हल्द्वानी में लगातार सामने आ रही संदिग्ध मौतों और आपराधिक घटनाओं के बीच अब बरेली रोड से एक और चौंकाने वाली खबर आई है। बता दे, मंगलवार देर शाम डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि बरेली रोड पर हरियाल मोटर्स के पास नहर में एक युवक का शव दिखाई दे रहा है। वही सूचना मिलते ही वनभूलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला।
वही शव मिलने की खबर से आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनुमान लगाया गया की मृतक फायर स्टेशन के सामने लगने वाले एक ठेले पर काम करता था। हालांकि, उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी थी।
मौके पर कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने बताया कि पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ-साथ मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर आशंका है कि युवक नहर किनारे बैठा था और पैर फिसलने से गिर गया हो, लेकिन हत्या सहित किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस रहस्यमयी मौत की असली वजह सामने लाएगी।