नैनीताल में ट्रैफिक सुधार के लिए “ट्रैफिक आई” सिस्टम लागू, रियल टाइम में जाम और पार्किंग पर नजर रखी जाएगी। इससे रूट डायवर्जन और ट्रैफिक कंट्रोल आसान होगा।
नैनीताल में पर्यटन सीजन से पहले ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अब हाईटेक तकनीक का सहारा ले रही है।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में “ट्रैफिक आई” नाम के आधुनिक डिवाइस लगाए जा रहे हैं, जो रियल टाइम में ट्रैफिक और पार्किंग की स्थिति पर नजर रखेंगे।
इस नई तकनीक के जरिए पुलिस को तुरंत जानकारी मिल सकेगी कि किस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव ज्यादा है और कहां पार्किंग खाली है। इसी के आधार पर मौके पर ही रूट डायवर्जन, ट्रैफिक कंट्रोल और जरूरत पड़ने पर वाहनों को रोकने जैसे फैसले लिए जा सकेंगे।
आईजी के अनुसार, इस सिस्टम को Indian Institute of Technology Roorkee और कुमाऊं पुलिस के सहयोग से तैयार किया गया है। ट्रायल सफल रहने के बाद अब इसे नैनीताल, हल्द्वानी, काठगोदाम और कैंची धाम जैसे प्रमुख मार्गों पर लागू किया जा रहा है।
इस पहल से न सिर्फ जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है, बल्कि पर्यटकों को भी बेहतर और सुगम यात्रा अनुभव मिल सकेगा।