दिल्ली के नबी करीम में शादी के 6 दिन बाद दुल्हन की हत्या, पति गिरफ्तार। हल्द्वानी की रहने वाली निशा परवीन की मौत से सनसनी।
नई जिंदगी की शुरुआत जिस रिश्ते से हुई थी, वही रिश्ता महज छह दिनों में दर्दनाक अंत तक पहुंच गया। राजधानी दिल्ली के नबी करीम इलाके में एक नई-नवेली दुल्हन की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी। इस घटना ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया कि आखिर शादी जैसे पवित्र रिश्ते में इतनी जल्दी ऐसा क्या हुआ कि मामला हत्या तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, बिहार के वैशाली निवासी मोहम्मद एजाज ने 26 अप्रैल को हल्द्वानी की रहने वाली 24 वर्षीय निशा परवीन से शादी की थी। शादी के बाद दोनों दिल्ली के लक्ष्मणपुरी इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे और पास की एक बैग फै्टरी में काम करते थे। हालांकि, शादी के कुछ ही दिनों बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि दो मई को एजाज ने निशा की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को बेड के अंदर छिपा दिया और कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया।
धीरे-धीरे कमरे से बदबू आने लगी, लेकिन शुरुआत में लोगों ने इसे नजरअंदाज कर दिया। वहीं, जब बदबू लगातार बढ़ती गई और एजाज भी कई दिनों तक दिखाई नहीं दिया, तब पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, जहां महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।