हल्द्वानी में पत्नी का जन्मदिन मनाने आए नवविवाहित युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी। रात तक जश्न, सुबह अचेत मिला युवक। डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका।
हल्द्वानी से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां पत्नी को जन्मदिन का सरप्राइज देने आए एक नवविवाहित युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महज दो महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे इस युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, हल्दूचौड़ निवासी 30 साल के कमल आर्य हरिद्वार में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। गुरुवार को वह अपनी पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए बिना बताए घर पहुंचे थे। परिवार के साथ उन्होंने खुशी-खुशी जन्मदिन मनाया और रात में आराम करने चले गए। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह उन्हें ड्यूटी पर लौटना था और इसके लिए उन्होंने अलार्म भी लगाया था। लेकिन सुबह जब काफी देर तक वह नहीं उठे, तो परिजनों ने जाकर देखा कि वह अचेत अवस्था में पड़े हैं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक मानी जा रही है, हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।