लालकुआं में 20 वर्षीय नवविवाहिता अंजुम का शव घर में फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।
एक साल पहले जिस घर में शहनाइयां गूंजी थीं, आज उसी घर से मातम की आवाजें उठ रही हैं। दरअसल, लालकुआं में एक 20 साल की नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। बताया जा रहा की युवती का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
बता दे, मामला लालकुआं के अंबेडकर नगर वार्ड नंबर-1 का है। यहां रहने वाले मोहिन खान की 20 वर्षीय पत्नी अंजुम का शव घर के कमरे में पंखे के कुंडे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। वहीं फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें।
बताया जा रहा है कि अंजुम की शादी पिछले वर्ष मई महीने में हुई थी। शादी को अभी एक साल ही पूरा हुआ था कि अचानक हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
वही मृतका का मायका हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र में है। घटना की सूचना मिलने पर मायके वाले लालकुआं पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।