नैनीताल के मल्लीताल में रॉन्ग साइड तेज रफ्तार से कार चलाने पर जयपुर निवासी पर्यटक का पुलिस ने चालान किया। पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील भी की।
नैनीताल। नैनीताल में यातायात नियमों का उल्लंघन एक पर्यटक को भारी पड़ गया। मल्लीताल क्षेत्र में देर रात एक कार चालक रॉन्ग साइड तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया।
जानकारी के अनुसार, मल्लीताल मस्जिद तिराहे पर पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मेट्रोपोल की ओर से एक कार गलत दिशा में तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को मौके पर ही रुकवा लिया।
पूछताछ के दौरान कार सवार युवक पुलिस से वाहन छोड़ने की बात करने लगे, लेकिन पुलिस ने नियमों का सख्ती से पालन करते हुए वाहन के दस्तावेजों की जांच की।
जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, जयपुर निवासी राकेश कुमार यादव का चालान किया गया है।
पुलिस ने सभी पर्यटकों और वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है, ताकि सड़क हादसों से बचा जा सके।