कालाढूंगी में शराब की दुकान के विरोध पर फिलहाल विराम, विधायक के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित

शराब की दुकान को लेकर पिछले एक सप्ताह से चल रहा जनआंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया। आंदोलनकारियों ने यह निर्णय स्थानीय विधायक ए बंशीधर भगत द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद लिया..

कालाढूंगी में शराब की दुकान के विरोध पर फिलहाल विराम, विधायक के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित
JJN News Adverties

कालाढूंगी: आबादी वाले क्षेत्र में खोली गई शराब की दुकान को लेकर पिछले एक सप्ताह से चल रहा जनआंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। आंदोलनकारियों ने यह निर्णय स्थानीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद लिया।

दरअसल, क्षेत्र में अंग्रेजी शराब की दुकान खुलने के बाद स्थानीय निवासियों, महिलाओं और सामाजिक संगठनों ने इसका लगातार विरोध शुरू कर दिया था। आंदोलनकारियों का कहना था कि रिहायशी इलाके में शराब की दुकान संचालित होने से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और क्षेत्र की सुरक्षा तथा व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।

विरोध के दौरान क्षेत्रवासियों ने धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन और जनआंदोलन के माध्यम से अपनी मांग प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई। लगातार बढ़ते विरोध को देखते हुए विधायक बंशीधर भगत ने आंदोलनकारियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

बैठक के दौरान विधायक ने आश्वासन दिया कि अंग्रेजी शराब की दुकान को 45 दिनों के भीतर आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि देशी शराब की दुकान को बंद करा दिया गया है।

विधायक के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों ने आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया और उनका स्वागत भी किया। हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा के भीतर शराब की दुकान नहीं हटाई गई तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और सभी की निगाहें अब प्रशासन तथा संबंधित विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

JJN News Adverties
JJN News Adverties