अल्मोड़ा के क्वारब डेंजर ज़ोन में चल रहे निर्माण और सुरक्षा कार्यों का लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे और जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने निरीक्षण किया।
अल्मोड़ा के क्वारब डेंजर ज़ोन से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां चल रहे सुधारात्मक और सुरक्षात्मक कार्यों का उत्तराखंड शासन के लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे और जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ-साथ यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने संबंधित कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्वारब क्षेत्र जनपद का अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए यहां चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने मशीनों और संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं।
तो वही सचिव ने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने एक प्रभावी और विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि भारी वाहनों की आवाजाही के लिए दिन या रात का एक निश्चित समय निर्धारित किया जाए और उसी के अनुसार यातायात संचालित किया जाए। साथ ही भारी वाहनों के संचालन को केवल तय समय तक सीमित रखने के निर्देश भी दिए गए।
आपको बता दे सचिव ने हल्के वाहनों को क्वारब बाईपास मार्ग से संचालित करने पर जोर दिया, ताकि एक ओर निर्माण कार्य निर्बाध रूप से चलता रहे और दूसरी ओर आम जनता को यातायात में परेशानी का सामना न करना पड़े।मौके पर मौजूद अभियंताओं से तकनीकी जानकारी लेते हुए उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
तो वही जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि क्वारब क्षेत्र में चल रहे कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तैयार किए गए ट्रैफिक प्लान का पालन पुलिस और परिवहन विभाग के समन्वय से सुनिश्चित किया जाएगा।बता दे निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी, उपजिलाधिकारी अल्मोड़ा संजय कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।