हल्द्वानी में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का विपक्ष पर हमला, ‘नारी शक्ति वंदन बिल’ को लेकर साधा निशाना। कांग्रेस समेत कई दलों पर महिलाओं के सशक्तिकरण के विरोध का आरोप, सियासत तेज।
हल्द्वानी से इस वक्त की बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है, जहां उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ‘नारी शक्ति वंदन बिल’ को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि संसद में इस बिल के पारित न हो पाने के पीछे कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसी पार्टियों की भूमिका बेहद निराशाजनक रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों की सोच महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ है।
मंत्री ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमेशा से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम करती रही है और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आज गांव-गांव की महिलाओं तक पहुंच रहा है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल केवल राजनीतिक लाभ और खुद को हाईलाइट करने के लिए ऐसे मुद्दों का विरोध करते हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने देश की आधी आबादी यानी महिलाओं को निराश किया है।
कैड़ा ने भरोसा जताया कि भविष्य में ‘नारी शक्ति वंदन बिल’ जरूर पारित होगा, जिससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और मजबूत होगी।
फिलहाल इस बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।