उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में रेड अलर्ट को देखते हुए कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।इसी बीच कुमाऊं कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। वहीं, संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में जेसीबी मशीनों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि आपदा की स्थिति में बंद मार्गों को तुरंत खोला जा सके।
इधर, पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश का असर गौला नदी पर भी दिखाई देने लगा है। नदी का जलस्तर करीब 10 हजार Cusec तक पहुंच गया है, जिसके चलते निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।इसी के साथ कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने अधिकारियों से कहा है कि मौसम पूर्वानुमान के आधार पर पहले से तैयारी रखें, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।