हल्द्वानी बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई, हजारों लोगों की नजरें फैसले पर टिकीं। 30 हेक्टेयर भूमि पर बने 5236 भवनों का मामला, निर्णय से 27 हजार लोगों पर पड़ सकता है असर।
हल्द्वानी के बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है, जिस पर हजारों लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
बताया जा रहा है कि यह मामला आज की सुनवाई सूची में शामिल है और इसे बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। रेलवे की करीब 30 हेक्टेयर भूमि पर बने 5236 भवनों को अतिक्रमण मानते हुए हटाने की कार्रवाई कोर्ट में विचाराधीन है। यदि कोर्ट से हटाने का आदेश आता है, तो लगभग 27 हजार लोगों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
इस सुनवाई के दौरान प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किए गए आवेदनों की विस्तृत रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाएगी। साथ ही हल्द्वानी के नगर आयुक्त परितोष वर्मा भी इस महत्वपूर्ण सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुके हैं।
गौरतलब है कि पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने प्रभावित लोगों को वैकल्पिक आवास के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए थे। ऐसे में आज की सुनवाई हजारों परिवारों के भविष्य के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
फिलहाल पूरे मामले पर सभी की नजरें सुप्रीम कोर्ट के रुख और फैसले पर टिकी हुई हैं।