नानी के घर छुट्टियां बिताने आई एक मासूम बच्ची को क्या पता था कि ये सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। दरसल हल्द्वानी में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है..
नानी के घर छुट्टियां बिताने आई एक मासूम बच्ची को क्या पता था कि ये सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। दरसल हल्द्वानी में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है।
हल्द्वानी के शनि बाजार रोड पर सोमवार शाम केंटर और स्कूटी की टक्कर में 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे दो बहनें स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान उनकी स्कूटी एक केंटर की चपेट में आ गई, जिसमें 13 वर्षीय हादिया की मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि हादिया मूल रूप से मुरादाबाद की रहने वाली थी और इन दिनों अपनी नानी के घर हल्द्वानी आई हुई थी। हादसे के समय वे अपनी बहन के साथ स्कूटी पर सवार थी।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल केंटर को कब्जे में ले लिया गया है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसी बीच हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए चालक को सुरक्षित हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि मृतक बच्ची के पिता वर्तमान में सऊदी अरब में कार्यरत हैं। ऐसे में इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वर्तमान में, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं ये हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।