हल्द्वानी में स्मार्ट बिजली मीटरों के विरोध ने जोर पकड़ लिया है। पा
हल्द्वानी में स्मार्ट बिजली मीटरों को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। आपको बता दे बुधवार को वार्ड-27 के पार्षद रोहित कुमार के नेतृत्व में पार्षदों और स्थानीय लोगों ने बुद्ध पार्क से SDM कोर्ट तक प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और अपने खून से पत्र लिखकर स्मार्ट मीटर हटाने, बढ़े हुए बिजली बिल माफ करने और विवादित बिलों की वसूली पर रोक लगाने की मांग की।
इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अचानक भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम उपभोक्ता आर्थिक बोझ झेल रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जांच पूरी होने तक पुराने बिजली मीटर बहाल किए जाएं और किसी भी उपभोक्ता से विवादित बिल की वसूली न की जाए।
वहीं, राज्य आंदोलनकारी और कांग्रेस नेता ललित जोशी ने भी प्रेस वार्ता कर स्मार्ट मीटर योजना का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि निजी ठेकेदार लोगों पर दबाव बनाकर स्मार्ट मीटर लगा रहे हैं। उन्होंने सरकार से योजना पर तत्काल रोक लगाने और पूरे मामले की हाईकोर्ट के न्यायाधीश से जांच कराने की मांग की।
जानकारी के मुताबिक ललित जोशी ने अडानी ग्रुप पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के जरिए गरीब जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो इस मुद्दे पर बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।