नैनीताल में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी की अनोखी पहल, सरकारी गाड़ी छोड़ बाइक और पैदल पहुंचे ऑफिस। ईंधन बचत, कार-पूलिंग और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
नैनीताल से एक अलग और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है, जहां पुलिस खुद बदलाव की मिसाल बनती नजर आई। दरअसल, नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एक खास पहल की शुरुआत करते हुए सरकारी गाड़ी छोड़ मोटरसाइकिल से अपने कार्यालय और फील्ड का दौरा किया। इतना ही नहीं, उनके साथ कई पुलिस अधिकारी भी पैदल चलकर अपने-अपने दफ्तर पहुंचे।
इस पहल के पीछे एक बड़ा संदेश छिपा है। एसएसपी ने आम लोगों से अपील की है कि वे छोटे वाहनों का इस्तेमाल करें, सार्वजनिक परिवहन अपनाएं और जरूरत पड़ने पर पैदल चलने की आदत डालें। उनका कहना है कि आज के समय में ईंधन की बचत बेहद जरूरी है और हर नागरिक को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कार-पूलिंग को भी बढ़ावा देने की बात कही।
वहीं एसएसपी ने यह भी कहा कि छोटी-छोटी आदतें भविष्य में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। ईंधन बचाने से न सिर्फ आर्थिक बचत होती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।
इसके अलावा नैनीताल पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अनावश्यक वाहन उपयोग से बचें और ऊर्जा संरक्षण पर विशेष ध्यान दें। फिलहाल एसएसपी की यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और एक सकारात्मक संदेश दे रही है।