हल्द्वानी समेत कई शहरों में परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई। 257 चालान और 22 वाहन सीज, ब्लैक फिल्म और अवैध लाइट्स पर विशेष अभियान जारी।
हल्द्वानी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सड़क नियमों की अनदेखी करने वालों पर परिवहन विभाग ने सख्त एक्शन लिया है। दरअसल, संभाग में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल 257 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 22 वाहनों को सीज कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, यह अभियान हल्द्वानी के साथ-साथ रामनगर, रुद्रपुर, काशीपुर और टनकपुर में भी चलाया गया, जहां प्रवर्तन दलों ने संयुक्त रूप से सड़कों पर उतरकर नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसा। इस दौरान खास तौर पर ब्लैक फिल्म और अवैध हाई-डेंसिटी लाइट्स पर फोकस किया गया। 28 वाहनों पर ब्लैक फिल्म और 26 वाहनों पर अवैध लाइट्स मिलने पर कार्रवाई की गई, वहीं कई गाड़ियों से मौके पर ही इन्हें हटवाया गया।
इसके अलावा, फिटनेस, टैक्स, परमिट शर्तों के उल्लंघन, हेलमेट और सीट बेल्ट न पहनने, ओवरलोडिंग और इंश्योरेंस से जुड़े मामलों में भी चालान किए गए तो वही संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. गुरदेव सिंह ने साफ कहा है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यानी की अगर नियम तोड़े, तो कार्रवाई तय है।