हल्द्वानी में आबकारी विभाग की छापेमारी में अवैध शराब बरामद, कई आरोपी गिरफ्तार; प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए अभियान जारी रखने के संकेत दिए।
हल्द्वानी में इन दिनों अवैध शराब के खिलाफ सख्ती साफ नजर आ रही है। जिस पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश मिलते ही आबकारी विभाग हरकत में आया और गुरुवार को शहर के कई इलाकों में एक के बाद एक छापेमारी की गई। वही इस कार्रवाई से अवैध कारोबार करने वालों में खलबली मच गई। जानकारी के मुताबिक टीम ने सबसे पहले कुल्यालपुर और नवाबी रोड की एक दुकान पर छापा मारा, जहां से सुनील कुमार और लालडांट रोड की रहने वाली हेमा देवी के पास से 112 टेट्रा पैक बरामद किए गए। इसके बाद दोनों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
इसी बीच, एक मुखबिर की सूचना पर कुसुमखेड़ा में भी दबिश दी गई, जहां से राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से देशी और विदेशी शराब के 28 अध्धे मिले, जिससे साफ हो गया कि वह अवैध रूप से शराब का कारोबार कर रहा था। टीम यहीं नहीं रुकी। गौला गेट, गौरापड़ाव और चोरगलिया इलाकों में भी छापेमारी की गई, जहां से 174 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई। हालांकि इस दौरान आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गया, जिसके चलते अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तोह वही पूरी कार्रवाई आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट की निगरानी में हुई। विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साफ है कि प्रशासन अब अवैध शराब के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है।