हल्द्वानी में मैत्री क्रिकेट मैच में प्राधिकरण 11 ने पत्रकार 11 को 39 रनों से हराया। सीरीज का दूसरा मुकाबला जीतकर प्राधिकरण 11 ने पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर की।
हल्द्वानी में खेले गए मैत्री क्रिकेट मुकाबले में प्राधिकरण 11 ने पत्रकार 11 को 39 रनों से हराकर पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। मुकाबला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां यह सीरीज का दूसरा मैच था।
टॉस जीतकर प्राधिकरण 11 के कप्तान एपी वाजपेई ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शुरुआत में पत्रकार 11 के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की, लेकिन बाद में प्राधिकरण के बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए। प्राधिकरण की ओर से सूरज ने 39 और अभिषेक ने नाबाद 35 रनों की पारी खेली।
पत्रकार 11 की ओर से पंकज पांडे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि राधे मोहन कांडपाल को 2, संतोष जोशी और दिनेश पांडे को 1-1 विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार 11 की शुरुआत खराब रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 18.1 ओवर में 115 रन पर ऑल आउट हो गई। अंकित शाह ने 22, राधे मोहन ने 17 और चंदन बिष्ट ने 13 रन बनाए।
प्राधिकरण 11 की सधी हुई गेंदबाजी के आगे पत्रकार 11 टिक नहीं सकी और मुकाबला 39 रनों से गंवा बैठी। इस जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है।