हल्दूचौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एकमात्र विशेषज्ञ चिकित्सक के तबादले के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने नए विशेषज्ञ की जल्द नियुक्ति की मांग की है।
हल्द्वानी के हल्दूचौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एकमात्र विशेषज्ञ चिकित्सक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार कन्याल के तबादले के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।
आपको बता दे शासन के साल के स्थानांतरण आदेश के तहत डॉ. कन्याल का तबादला टनकपुर उप जिला अस्पताल कर दिया गया है। साथ ही क्षेत्रवासियों का कहना है कि पहले से डॉक्टरों और संसाधनों की कमी से जूझ रहे अस्पताल में अब विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं और प्रभावित होंगी। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक, डॉ. कन्याल रोजाना 250 से 300 मरीजों का इलाज करते थे। इतना ही नहीं अस्पताल में पहले से अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और कई विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद खाली हैं।
इसी के साथ समाजसेवियों ने मांग की है कि जब तक उनके स्थान पर नए विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति नहीं होती, तब तक उन्हें कार्यमुक्त न किया जाए। वहीं इस मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों की चुप्पी को लेकर भी लोगों में नाराजगी है।
फ़िलहाल क्षेत्रवासियों ने शासन से अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती, पर्याप्त स्टाफ और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।