लगातार बारिश के बीच रामनगर के सीतावनी रोड स्थित भंडारपानी के पास देर रात एक विशाल पेड़ मुख्य सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
लगातार हो रही बारिश के बीच रामनगर से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। जहा सीतावनी रोड स्थित भंडारपानी के पास देर रात लगभग 10 बजे एक विशालकाय पेड़ मुख्य सड़क पर गिर गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।तो वही घटना की सूचना पीएफटी के माध्यम से अग्निशमन ओर आपात सेवा केंद्र रामनगर को दी गई। सूचना मिलते ही स्टेशन इंचार्ज एलएफएम भुवन चंद्र जोशी के निर्देशन में लीडिंग फायरमैन कश्मीर सिंह के नेतृत्व में फायर स्टेशन रामनगर की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
तो वही मौके पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया और लकड़ी काटने की मशीन की सहायता से सड़क पर गिरे विशाल पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटना शुरू किया। काफी प्रयास के बाद पेड़ को पूरी तरह सड़क से हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर फंसे वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू कराई जा सकी।जानकारी के मुताबिक राहत कार्य के दौरान टीम ने पूरी सतर्कता बरती ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई और समय पर पहुंचकर किए गए राहत कार्य की सराहना की है। अग्निशमन विभाग ने बरसात के मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को देने की अपील की है।