उत्तराखंड ट्रक ओनर महासंघ ने प्रशासन से सकारात्मक वार्ता के बाद प्रस्तावित ट्रक हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी है। मांगों के समाधान तक बातचीत जारी रहेगी, जबकि परिवहन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी।
उत्तराखंड में ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ी बड़ी राहत की खबर सामने आई है। फिलहाल प्रदेश में ट्रकों के पहिए नहीं थमेंगे, क्योंकि उत्तराखंड देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ ने प्रस्तावित हड़ताल का फैसला फिलहाल स्थगित कर दिया है।
दरअसल, हल्द्वानी ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक में परिवहन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वही बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी ने की। इस दौरान पुलिस उत्पीड़न, ओवरलोडिंग, एसटीए से जुड़े मामलों और अन्य प्रशासनिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
महासंघ का कहना है कि स्थानीय प्रशासन के साथ हुई हालिया वार्ता में सकारात्मक आश्वासन मिले हैं। इसी के चलते फिलहाल हड़ताल का निर्णय स्थगित रखते हुए शासन-प्रशासन के साथ बातचीत जारी रखने का फैसला लिया गया है।
हालांकि, महासंघ ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि वार्ता के बाद उनकी मांगों का संतोषजनक समाधान नहीं हुआ, तो प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की नई तारीख घोषित की जाएगी। फिलहाल, ट्रक मालिकों और चालकों से शांति बनाए रखने तथा प्रशासन के अगले निर्णय का इंतजार करने की अपील की गई है।