हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान 65 वर्षीय मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हल्द्वानी शहर में तेजी से बढ़ रहे निजी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, हल्द्वानी के निजी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान एक बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार बागेश्वर जिले के मंडलसेरा निवासी 65 साल के प्रेम गिरी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। वही मरीज की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उनका कहना है कि उपचार के दौरान उन्हें मरीज की वास्तविक स्थिति और चिकित्सा प्रक्रिया की पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया और परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आधुनिक सुविधाओं और बेहतर इलाज के बड़े-बड़े दावों के बावजूद कई बार मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।