हल्द्वानी में मदरसन गेट पर श्रमिक आंदोलन के दौरान नेताओं की गिरफ्तारी से हंगामा, पुलिस-प्रदर्शनकारियों में तनाव, इलाके में भारी फोर्स तैनात।
हल्द्वानी के मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी के बाहर चल रहे श्रमिक आंदोलन के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया है। आपको बतादे की प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई नेताओं को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के पूर्व राज्य मंत्री हरीश पनेरु को प्रदर्शन स्थल से हिरासत में लिया गया। इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति और ज्यादा गरमा गई। वहीं छात्र महासंघ अध्यक्ष आशीष कबड़वाल और आंदोलनकारी पीयूष जोशी को पुलिस ने उनके घर से ही हिरासत में लेकर काठगोदाम थाने पहुंचाया है। इसके अलावा भी कई अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने की खबर है। इस कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद अन्य नेताओं और परिजनों में नाराजगी देखने को मिल रही है। उन्होंने पुलिस पर तानाशाही रवैया अपनाने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।