उत्तराखंड में 6 से 9 अगस्त तक भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मौसम विभाग ने 6 अगस्त से 9 अगस्त तक राज्य के कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत तीव्र बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दरअसल, लगातार हो रही बारिश को देखते हुए फ्लैश फ्लड, भूस्खलन, चट्टान गिरने और जलभराव जैसी गंभीर स्थितियों की आशंका जताई गई है। ऐसे में मौसम विभाग के मुताबिक पर्वतीय क्षेत्रों में अचानक जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे छोटी नदियां और गदेरे उफान पर आ सकते हैं, वहीं सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों के बाधित होने का भी खतरा बना हुआ है।
बता दे, देहरादून, बागेश्वर और चमोली जैसे जिलों में स्थिति ज्यादा संवेदनशील बताई जा रही है, जिसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है और कुछ स्थानों पर एहतियातन स्कूलों में अवकाश भी घोषित किया गया है। साथ ही निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिससे आम जनजीवन और यातायात प्रभावित हो सकता है।
इसके अलावा कच्चे मकानों, पुलों, सड़कों और निर्माणाधीन ढांचों को नुकसान पहुंचने की संभावना जताई गई है, साथ ही आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। वही मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम के यात्रा से बचें, नदी-नालों और उफनती धाराओं से दूर रहें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें।
साथ ही राज्य सरकार और जिला प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में सभी लोगों से अपील है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।