उत्तराखंड में मौसम बदलने वाला, कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट। तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी, तापमान में गिरावट से गर्मी से राहत के आसार।
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और मौसम सुहाना होने के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान है।
इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
वहीं अन्य पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी तेज हवाओं और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बदलाव का असर मैदान से लेकर पहाड़ तक महसूस किया जाएगा, जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।