हल्द्वानी-काठगोदाम में वीकेंड ट्रैफिक प्लान लागू। 9-10 मई को डायवर्जन व्यवस्था, भारी वाहनों पर प्रतिबंध और पर्यटकों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय।
हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में वीकेंड और पर्यटन सीजन को देखते हुए ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने 9 और 10 मई के लिए विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया है, जो सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।
प्रशासन के अनुसार, यात्रा मार्गों पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को जनपद सीमा पर ही रोका जाएगा, जबकि मैदानी इलाकों से पहाड़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग और रोक की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा बरेली रोड, रुद्रपुर, पंतनगर और रामनगर-बाजपुर से आने वाले पर्यटक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि शहर के भीतर जाम की स्थिति से बचा जा सके।
वहीं, शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच भवाली, नैनीताल और रूसी बाईपास से आने वाले वाहनों को मंगोली-कालाढूंगी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।