हल्द्वानी में पत्नी ने पति को कथित प्रेमिका के साथ पकड़ लिया, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ। मामला बढ़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों की काउंसिलिंग कराकर विवाद शांत कराया।
हल्द्वानी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया। पति-पत्नी और एक कथित प्रेमिका के बीच हुए हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मामला सीधे थाने पहुंच गया, जहां पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। दरअसल, मुखानी थाना क्षेत्र में एक महिला को अपने पति पर लंबे समय से दूसरी महिला के साथ संबंध होने का शक था। इसी बीच बुधवार को महिला को सूचना मिली कि उसका पति एक किराए के मकान में कथित प्रेमिका के साथ मौजूद है। जिसके बाद वह अपने परिजनों और बच्चों के साथ मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पत्नी ने दोनों को एक साथ देख लिया, जिसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ।
इस दौरान पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों पक्षों को मुखानी थाने लाया गया। पुलिस ने मामले को पारिवारिक विवाद मानते हुए दोनों की काउंसिलिंग शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आपसी सहमति से विवाद शांत करा दिया गया है और जरूरत पड़ने पर आगे भी काउंसिलिंग कराई जाएगी।