हरिद्वार से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक घर की पानी की टंकी से एक-दो नहीं बल्कि 27 सांप के बच्चे निकलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया....
हरिद्वार से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक घर की पानी की टंकी से एक-दो नहीं बल्कि 27 सांप के बच्चे निकलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मामला हरिद्वार के सराय गांव का है। बताया जा रहा है कि घर के लोगों ने जब पानी की टंकी में सांप के बच्चों को रेंगते हुए देखा तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्नेक कैचर तालिब तथा भोला ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टंकी से 27 सांप के बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए और रेस्क्यू अभियान देखते रहे।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बढ़ती गर्मी के कारण सांप ठंडी और सुरक्षित जगहों की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। आशंका है कि किसी मादा सांप ने टंकी में अंडे दिए थे, जिनसे ये बच्चे निकले।
फिलहाल सभी सांप कीलबैक प्रजाति के बताए जा रहे हैं, जिन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया है। वहीं इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।