ऋषिकेश–श्रीनगर नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चारधाम यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई...
ऋषिकेश–श्रीनगर नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चारधाम यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। यह हादसा टिहरी गढ़वाल के तोताघाटी क्षेत्र के पास हुआ, जहां बस ऋषिकेश की ओर जा रही थी।
बताया जा रहा है कि बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिसके बाद चालक ने स्थिति को संभालने की पूरी कोशिश की, लेकिन बस नियंत्रण से बाहर होकर सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि बस गहरी खाई में नहीं गिरी, वरना यह हादसा बेहद भयावह रूप ले सकता था।
हादसे के समय बस में कुल 39 यात्री सवार थे, जिससे मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एसडीआरएफ के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिलने के बाद निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में टीमों ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में 3 से 4 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद 108 एंबुलेंस के जरिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और वाहन फिटनेस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।