हरिद्वार में ड्यूटी के दौरान घायल सिपाही विजय सिंह का लंबे इलाज के बाद निधन हो गया। पुलिस विभाग और परिजनों में शोक की लहर, SSP ने जताई संवेदना।
हरिद्वार पुलिस परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहाँ कर्तव्य निभाते हुए सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए एक सिपाही ने लंबे इलाज के बाद आखिरकार जिंदगी की जंग हार दी। इस खबर से पुलिस महकमे के साथ-साथ परिजनों में भी शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, सिपाही विजय सिंह साल 2023 में कोतवाली लक्सर में ड्यूटी के दौरान एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। वही इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण वे चलने-फिरने में असमर्थ हो गए थे। इसके बाद उनका लंबे समय से ऊधम सिंह नगर में उपचार चल रहा था। लेकिन 16 और 17 जुलाई की मध्य रात्रि उन्होंने अंतिम सांस ली।
वही विजय सिंह के निधन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की। हरिद्वार पुलिस परिवार ने भी अपने दिवंगत साथी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी सेवाओं और समर्पण को नमन किया।