हरिद्वार के मंगलौर स्थित बूढ़पुर जट हत्याकांड में पुलिस जांच ने बड़ा खुलासा किया है।
एक हत्या... तीन नामजद आरोपी... और फिर पुलिस जांच में ऐसा खुलासा, जिसने पूरे मामले की तस्वीर ही बदल दी। हरिद्वार के रुड़की स्थित मंगलौर के बूढ़पुर जट हत्याकांड में पुलिस की गहन जांच ने चौंकाने वाला सच सामने लाया है।दरअसल, 11 जुलाई को खेत में गोली लगने से सौरभ नामक युवक की मौत हो गई थी। शुरुआती शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। लेकिन एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर हुई विस्तृत विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों ने जांच की दिशा बदल दी।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, जांच में सामने आया कि सौरभ अपने साथियों के साथ पुरानी रंजिश के चलते हथियार लेकर मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान तमंचे की जांच करते समय अचानक गोली चल गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद साथियों ने खुद को बचाने और विरोधी पक्ष को झूठे हत्या के मुकदमे में फंसाने की कथित साजिश रची।पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त तमंचा और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। जांच के आधार पर मामले में धाराओं में संशोधन किया गया है और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।