हरिद्वार में संदिग्ध हवाला और ट्रांजेक्शन नेटवर्क का मामला सामने आया है। सोनम की गिरफ्तारी के बाद उसकी सहेली पूजा फरार है।
हरिद्वार में संदिग्ध हवाला और ट्रांजेक्शन नेटवर्क का मामला लगातार गहराता जा रहा है। सोनम की गिरफ्तारी के बाद अब उसकी करीबी सहेली पूजा जांच एजेंसियों के रडार पर आ गई है, और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल पूजा फरार बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर एसटीएफ ने हरिद्वार पुलिस के साथ मिलकर सोनम को पिरान कलियर इलाके से हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए, जिसके बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, पूजा ने ही सोनम को इस संदिग्ध नेटवर्क से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई थी। बताया जा रहा है कि व्हाट्सएप कॉल के जरिए उसकी बात उमर, आदिल और हजीब नाम के लोगों से कराई गई, जिसके बाद सोनम इस ट्रांजेक्शन चेन का हिस्सा बन गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि सोनम के 15 से अधिक बैंक खातों से करीब 20 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। एजेंसियों को आशंका है कि यह धनराशि हवाला नेटवर्क के जरिए बाहर से भेजी गई थी और इसका उपयोग अवैध गतिविधियों में किया गया हो सकता है।
फिलहाल पुलिस फरार पूजा की तलाश में जुटी है। माना जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।