होटल में बड़ा लिफ्ट हादसा, पांचवीं मंजिल से गिरी लिफ्ट, 22 पत्रकार घायल

ऋषिकेश के एक होटल में देर रात लिफ्ट टूटकर गिरने से फरीदाबाद से आए 22 पत्रकार घायल हो गए। सभी घायलों का एम्स ऋषिकेश में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद होटल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगे हैं।

होटल में बड़ा लिफ्ट हादसा, पांचवीं मंजिल से गिरी लिफ्ट, 22 पत्रकार घायल
JJN News Adverties

ऋषिकेश में देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां एक होटल की लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिर गई। इस हादसे में फरीदाबाद से घूमने आए 22 पत्रकार घायल हो गए। घटना के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद से आया पत्रकारों का दल ऋषिकेश के एक होटल में ठहरा हुआ था। देर रात सभी लोग होटल के रेस्टोरेंट में भोजन करने के बाद लिफ्ट के जरिए नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट की तार टूट गई और लिफ्ट पांचवीं मंजिल से सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी।

हादसा इतना भयावह था कि जोरदार धमाके की आवाज पूरे होटल में सुनाई दी। आवाज सुनते ही होटल कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।

घायल सभी पत्रकारों को तुरंत एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हादसे के बाद घायल पत्रकारों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यदि लिफ्ट की नियमित जांच और रखरखाव किया गया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और प्रशासन की ओर से लिफ्ट की तकनीकी जांच कराई जा रही है, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके। वहीं इस घटना के बाद होटल में ठहरे अन्य लोगों में भी डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

JJN News Adverties
JJN News Adverties