हरिद्वार में ऑपरेशन प्रहार के तहत श्यामपुर पुलिस ने पिकअप वाहन से 7 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया। आरोपी मोहम्मद आकिल उर्फ शान बाबा गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज।
Haridwar Police का “ऑपरेशन प्रहार” नशा तस्करों के खिलाफ लगातार तेज होता जा रहा है। इसी अभियान के तहत Shyampur पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 7 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि Navneet Singh Bhullar के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी।
जानकारी के मुताबिक चंडीघाट नहर पटरी के पास पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन चालक के पास रखे प्लास्टिक के कट्टे को देखकर पुलिस को शक हुआ।
जब पुलिस ने कट्टे की जांच की तो उसमें करीब 7 किलो 110 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी घबरा गया और बाद में अतिरिक्त कमाई के लालच में गांजा बेचने की बात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद आकिल उर्फ शान बाबा निवासी संभल, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी संतोष सेमवाल, कांस्टेबल अनिल रावत और कांस्टेबल राजवीर सिंह शामिल रहे। फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।